डूंगरपुर में तेज बारिश के दौरान शहर के वार्ड 8 सलाटवाड़ा में स्थित जर्जर हाल पुराना विजय स्कूल भवन का एक कमरा गिर गया। हालांकि मलबा भवन के अन्दर गिरने से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। वार्ड पार्षद ब्रिजेश कुमार सोमपुरा ने जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर घटना की सूचना दी।
उन्होंने बताया कि जर्जर हाल पुराना विजय स्कूल भवन के अधिकांश कमरे गिर चुके हैं। जो हिस्सा बचा है, वो पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण स्थिति में है। प्रशासन को इस बारे में कई बार सूचित करने के बावजूद प्रशासन इसकी सुध नहीं ले रहा है। प्रशासन की अनदेखी के चलते आबादी क्षेत्र में स्थित इस भवन के गिरने से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। जान-माल का नुकसान होने की आशंका के चलते क्षेत्रवासी भयभीत हैं।
सोमपुरा ने बताया कि क्षेत्रवासियों की मांग पर नगर परिषद की साधारण सभा की बैठक में इस जर्जर हाल भवन को गिराकर सामुदायिक भवन बनाने का प्रस्ताव लिया जा चुका है। मगर इस भवन का अधिकार शिक्षा विभाग के पास होने से अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। वार्डवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस जर्जर भवन को गिराकर जल्द सामुदायिक भवन का निर्माण करवाया जाए।