शिवगंज पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो कार में 25 कट्टों में ले जाया जा रहा 501 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया गया हैं। हालांकि, इस मामले में कार में सवार 2 आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। इससे पूर्व इन आरोपियों द्वारा पुलिसकर्मियों के रोकने का इशारा करने पर जान से मारने की नियत से उन पर फायरिंग भी की गई थी।
पुलिस के अनुसार इस मामले में शनिवार 12.30 बजे डीएसटी टीम के प्रभारी अमराराम द्वारा शिवगंज थानाधिकारी बाबूलाल राणा को सो सूचना दी गई थी कि वे बादला गांव के समीप गश्त कर रहे थे। उस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन रोकने की बजाय कार में सवार दो व्यक्तियों द्वारा पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी गई। इस पर पुलिसकर्मियों द्वारा भी अपने बचाव में जवाबी फायरिंग कर कार को रोकने का प्रयास किया गया।
इसके बाद भी वे लोग स्कॉर्पियो को खतरनाक तरीके से चलाते हुए काम्बेश्वर मंदिर की ओर भगाकर लेकर गए हैं। इस सूचना पर शिवगंज पुलिस टीम काम्बेश्वर महादेव मंदिर कानाकोलर की ओर रवाना हुई। इस दौरान रात्रि गश्त डीओ गोपाराम भी मौके पर पहुंच गए। तब तक स्कार्पियो में बैठे अज्ञात आरोपियों के स्कार्पियो को खतरनाक तरीके से चलाने की वजह से स्कार्पियो वाहन के आगे के दोनों टायर व पीछे का एक टायर ब्लास्ट हो गया। इससे कार को भगाना संभव नहीं होने से दोनों आरोपी अपनी स्कार्पियो को काम्बेश्वर महादेव मन्दिर मुख्य गेट से थोड़ा पहले रोड पर ही खड़ा छोड़कर फरार हो गए।
अज्ञात आरोपियों की आसपास तलाश की गई, मगर देर रात्रि का समय होने व मौके पर घने वृक्ष व झाड़ियां होने से वे भागने में सफल रहे। इसके बाद कार की तलाशी ली गई तो उसमें 25 कट्टों में कुल 501 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त भरा पाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद डोडा पोस्त जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया। मौके से फरार अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में शिवगंज पुलिस थाना के कांस्टेबल पप्पाराम, टेकाराम, रतनलाल, नारायणसिंह सम्मिलित रहे।