कासगंज में पारिवारिक विवाद ने शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक रूप ले लिया, जहां आपसी झगड़े के दौरान मात्र छह दिन के नवजात शिशु की चोट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

मामला कासगंज के मोहल्ला नई बस्ती का है। पुलिस के अनुसार, नवजात की मां खुशबू ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह घर में उस समय विवाद शुरू हुआ जब उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। बच्चे की देखभाल उसके देवर फरमान कर रहा था और वह चारपाई पर लेटा हुआ था।

इसी दौरान परिवार के दो अन्य सदस्य, समीर और नाजिम, वहां पहुंचे और किसी पुराने विवाद को लेकर फरमान से झगड़ने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। इसी हाथापाई में चारपाई पर लेटा नवजात भी चपेट में आ गया और उसके शरीर पर चोट लग गई, जिससे उसके नाक से खून बहने लगा।

परिजन तुरंत बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही सीओ शाहिदा नसरीन और थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में शादी के खर्च के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जो शनिवार सुबह झगड़े में बदल गया। इसी दौरान यह दुखद घटना हो गई।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी नवजात की मौत सिर में चोट लगने से होने की पुष्टि हुई है। मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने समीर और नाजिम के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।