प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शनिवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। उनके पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान अजय राय ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी मजबूती से जुटने का संदेश दिया।

जानकारी के अनुसार, बीते सप्ताह अजय राय अचानक अस्वस्थ होकर बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें राजधानी के एक कॉर्पोरेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर प्रार्थनाएं भी की थीं।

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद शनिवार को अजय राय हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की जनता के सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद वे सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। यहां संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं की शुभकामनाओं और आशीर्वाद से वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों से कहा कि वे विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाएं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें।