मुजफ्फरनगर की पीनना गांव निवासी विवाहिता शिल्पा एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इससे पहले ससुराल के बाहर चार दिन तक धरने पर बैठने और बाद में पुलिस कार्रवाई के बाद जेल जाने को लेकर वह सुर्खियों में थीं। अब शिल्पा ने सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए फेसबुक लाइव के जरिए अपनी बात सामने रखी है।
शुक्रवार देर रात करीब 13 मिनट 16 सेकेंड के लाइव वीडियो में शिल्पा ने अपने साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज व्यवस्था पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंचों से अक्सर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” और महिला सम्मान की बातें तो की जाती हैं, लेकिन जब किसी महिला के साथ वास्तविक अन्याय होता है तो उसे अकेला छोड़ दिया जाता है।
शिल्पा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उनके अनुसार करीब एक वर्ष पहले उनकी शादी बागपत निवासी अमित अहलावत से हुई थी, जो वर्तमान में नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की A2Z कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि शादी के कुछ समय बाद उन्हें ससुराल पक्ष ने मायके भेज दिया और फिर वापस बुलाने को लेकर लगातार टालमटोल किया गया।

शिल्पा का कहना है कि लगभग साढ़े पांच महीने तक इंतजार करने के बाद वह खुद ससुराल पहुंचीं, लेकिन वहां उन्हें घर में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद वह चार दिन तक ससुराल के बाहर ही बैठी रहीं। इस दौरान उन्होंने धूप, गर्मी और परेशानियों का सामना किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
उनका यह भी आरोप है कि बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप किया, जिसके चलते उन्हें, उनके भाई और भाभी को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
फेसबुक लाइव के दौरान शिल्पा कई बार भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि वह खुद को बेहद असहाय महसूस कर रही हैं और समझ नहीं पा रही हैं कि न्याय पाने के लिए अब वह किससे और कहां गुहार लगाएं।