सोनो (जमुई): बिहार के जमुई जिले में चरकापत्थर थाना क्षेत्र के बाराटाड़ जंगल से शनिवार को सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने लंबी दूरी की पेट्रोलिंग के दौरान सघन तलाशी अभियान चलाकर एक शक्तिशाली केन बम, 9 डेटोनेटर, एक थ्री नट, तीन राइफल और मैगजीन बरामद की।
बरामद राइफल का लकड़ी वाला हिस्सा गायब था, जिससे इसके पुराने होने की संभावना जताई जा रही है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि बाराटाड़ के जंगली इलाके में नियमित लांग रेंज पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधि की आशंका पर तलाशी तेज कर दी गई थी।
पत्थरों के नीचे छिपा विस्फोटक और हथियार
तलाशी के क्रम में जवानों ने पत्थरों के नीचे छिपाए गए विस्फोटक और हथियार को बरामद किया। थानाध्यक्ष ने कहा कि बरामद केन बम काफी शक्तिशाली था और इससे बड़ी क्षति हो सकती थी। सुरक्षा को देखते हुए तुरंत बम निरोधक दस्ते को सूचित किया गया, जो मौके पर पहुंचकर इसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करेगा।
पुलिस और एसएसबी की टीम ने पूरे इलाके को घेरकर सतर्कता बढ़ा दी है। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया गया है कि ये हथियार और विस्फोटक काफी समय पहले यहां छिपाकर रखे गए थे।
इलाके में बढ़ाई गई सतर्कता
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये हथियार और विस्फोटक किन उद्देश्यों के लिए और किन लोगों द्वारा यहां रखा गया था।