बागपत: जिले के रटौल क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की कमी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हो गए हैं कि पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। रविवार को रटौल स्थित एक पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में लोग ईंधन लेने पहुंचे, जिससे वहां अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, करीब पांच दिनों के अंतराल के बाद इस पंप पर ईंधन की आपूर्ति हुई थी। जैसे ही तेल आया, आसपास के इलाकों से लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण पंप पर व्यवस्था बनाए रखना कर्मचारियों के लिए मुश्किल हो गया।

कई पंपों पर सप्लाई ठप

रटौल के अलावा खैला मोड़, पांची, खासपुर और धोली प्याऊ के पास स्थित कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो चुका है। इसके चलते इन पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। ईंधन की कमी से वाहन चालकों और ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें पेट्रोल-डीजल के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित आपूर्ति न होने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।

खेती-किसानी पर मंडराया संकट

ईंधन की कमी का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है। इस समय क्षेत्र में आलू की खुदाई के साथ-साथ गेहूं और सरसों की फसल तैयार होने की स्थिति में है। ऐसे में ट्रैक्टर और अन्य कृषि यंत्रों के लिए डीजल बेहद जरूरी है।

रटौल के किसानों राशिद और मुज्जकिर ने बताया कि पंपों पर डीजल सीमित मात्रा में मिल रहा है, जिससे खेतों का काम प्रभावित हो सकता है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि जल्द ही स्थिति सामान्य नहीं हुई, तो फसलों की कटाई और अन्य कृषि कार्यों पर असर पड़ सकता है।