बहराइच। दरगाह क्षेत्र में एक किशोरी के लापता होने के मामले ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। आरोप है कि एक मुस्लिम युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
रविवार को गुस्साए लोगों ने कथित आरोपी से जुड़े एक आटा चक्की प्रतिष्ठान में आग लगा दी, जबकि उसके एक सहयोगी के घर के बाहर तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने किशोरी की सुरक्षित बरामदगी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है।
जानकारी के अनुसार, दरगाह इलाके की रहने वाली किशोरी तीन दिन पहले शेखापुर निवासी युवक गुड्डू बेहना के साथ लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
रविवार को भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ और आगजनी के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीओ नगर नारायण दत्त मिश्रा कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नगर कोतवाली सहित कई थानों की पुलिस को गांव में तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।