बुलंदशहर। डीएवी तिराहे के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गैस सिलिंडर भरवाने जा रही थी।

मोटरसाइकिल अचानक संतुलन खोकर पलटी और महिला सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से गुजर रहे एक मालवाहक वाहन ने महिला को कुचल दिया। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बुलंदशहर नगर कोतवाली की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर उसे जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने मालवाहक वाहन के चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।