सीतापुर जिले के सरैया चलाकापुर गांव में शनिवार देर शाम खाना बनाते समय लगी चिंगारी से भयानक आग फैल गई, जिसमें एक मां और उसकी बेटी की मौत हो गई और एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई और गांव के 14 घर जलकर खाक हो गए। खबर लिखे जाने तक दमकल मौके पर नहीं पहुंच पाई थी।
गांव निवासी राजाराम ने बताया कि घर में रात का खाना चूल्हे पर बन रहा था। इसी दौरान चिंगारी उनके छप्पर तक पहुँच गई और आग फैलने लगी। तेज हवा के चलते आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। चूल्हे के पास बैठी उनके भाई शत्रोहन की पत्नी फूलमती (45), फूलमती की मां (60) और फूलमती के भाई की बेटी माही (7) गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने निजी संसाधनों और एंबुलेंस की मदद से तीनों को सीएचसी बिसवां पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने फूलमती और उनकी मां को मृत घोषित कर दिया। माही को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस आग में राजाराम, शत्रोहन, अवधराम, वीरेश, हरिश्चंद्र, झब्बूलाल, देशराज, श्रीराम, राजू, रमेश प्रकाश, रामलाल, सावन, सुरेश प्रकाश और अशोक वर्मा के घर जल गए। आग की चपेट में आने से उनके मवेशी भी झुलस गए। ग्रामीणों ने स्थानीय तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
दमकल फंसी, आग बढ़ी
ग्रामीणों के अनुसार, आग लगते ही उन्होंने दमकल और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँच गई, लेकिन दमकल गांव के संकरे रास्ते में फंस गई और समय पर आग पर काबू नहीं पाया जा सका। यदि दमकल चौड़े मार्ग से आती, तो आग को समय पर रोका जा सकता था।
ग्रामीणों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की
आग फैलते ही ग्रामीणों ने हैंडपंपों से बाल्टियां भरकर और निजी साधनों से आग को बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तेज हवाओं की वजह से उनका प्रयास सफल नहीं हो सका और आग ने कई घरों को नष्ट कर दिया।