एटा के अलीगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह नथुआपुर तिराहे के पास एक युवक का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। युवक की पहचान उसके बैग में रखे आधार कार्ड के आधार पर राहुल (20) निवासी ग्राम नयागांव, थाना मेरापुर, फर्रुखाबाद के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7 बजे शराब के ठेके के पीछे स्थित आम के बाग में युवक लटका हुआ मिला। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को उतारकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पास में पाया गया बैग युवक की पहचान का आधार साबित हुआ। परिजनों को तुरंत सूचना दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने मौत से पहले अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर तीन वीडियो पोस्ट किए थे। इन वीडियो में वह अवसाद में दिखाई दे रहा है और अपने हाथ में प्रेमिका के साथ अपनी फोटो लिए हुए है। वीडियो में वह गानों के बीच रोते हुए नजर आ रहा है। इसके अलावा, उसके हाथ में वही रस्सी मिली, जिससे उसने फंदा लगाया।

हालांकि, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि पास के ही गांव में उसकी बहन की शादी हुई थी, और उसी गांव की एक युवती से राहुल के प्रेम संबंध थे।

घटना के बाद फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड को मौके पर भेजा गया और साक्ष्य एकत्र किए गए। सीओ राजेश सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल फोन से मिले वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट इस ओर इशारा करते हैं कि वह प्रेम प्रसंग के कारण मानसिक दबाव में था और संभावित रूप से आत्महत्या कर सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है।