उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार को राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सेंट्रल यूपी सहित लगभग आधे प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। शाम तक कानपुर में सबसे अधिक 21.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि राजधानी लखनऊ में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और इनके साथ बारिश भी हुई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बारिश के कारण कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है, जबकि 6 अप्रैल को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 7 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश में फिर से मौसम बदल सकता है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ बारिश का एक और दौर आने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि बारिश का प्रभाव सेंट्रल यूपी से धीरे-धीरे पूर्वांचल की ओर बढ़ सकता है।

शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान की बात करें तो बहराइच में सबसे अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर में 38 डिग्री, बांदा में 37.4 डिग्री और झांसी व हमीरपुर में 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।