संभल। जिले में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इमामबाड़ा और ईदगाह पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाया। यह कार्रवाई चंदौसी मार्ग स्थित गांव बिछौली में सरकारी जमीन पर हुए कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 12.25 बीघा जमीन पर बनी ईदगाह और लगभग ढाई बीघा क्षेत्र में बने इमामबाड़े को चार बुलडोजरों की मदद से ध्वस्त किया गया।
यह कार्रवाई एसडीएम निधि पटेल के निर्देशन में नायब तहसीलदार दीपक जुरैल के नेतृत्व में की गई। मौके पर राजस्व विभाग की टीम, दो राजस्व निरीक्षक, सात लेखपाल और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने इस ध्वस्तीकरण का विरोध भी किया, जिस पर पुलिस और पीएसी ने भीड़ को मौके से हटा दिया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ एक कंपनी पीएसी और रैपिड रिएक्शन फोर्स (RRF) को भी तैनात किया गया। पूरे अभियान के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी केके बिश्नोई मौके पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया।