सीजीएसटी की दो अलग-अलग टीमों ने शुक्रवार को पान मसाला और कत्था के व्यवसायियों के कई प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। 50 अफसरों की टीम ने एसएनके ब्रांड पान मसाला के चार प्रतिष्ठानों और दो कत्था कारोबारियों के पांच प्रतिष्ठानों में जांच-पड़ताल की। करीब 12 घंटे चली इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये की कर चोरी का पता चला और बड़े पैमाने पर दस्तावेज जब्त किए गए। जांच में कच्चे और तैयार माल में अंतर भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।
एक टीम ने पनकी स्थित एसएनके ब्रांड पान मसाला की तीन फैक्ट्रियों और पनकी की तंबाकू फैक्टरी पर कार्रवाई की। ग्रीनवर्थ इंटरप्राइजेज कंपनी पान मसाला और गोल्ड बॉल कंपनी तंबाकू का उत्पादन करती है। अधिकारियों ने बताया कि कंपनी बिना कर चुकाए कारोबार कर रही थी। शुरुआती जांच में करीब 70-80 लाख रुपये की कर चोरी सामने आई है।
दूसरी टीम ने हरिओम ग्रामोद्योग संस्थान और बिहारी लाल कृष्ण ट्रेडर्स के पांच प्रतिष्ठानों में छापा मारा। ये दोनों फर्म कत्था कारोबार से जुड़ी हैं। मंधना और नयागंज स्थित फैक्ट्रियों, गोदामों और कार्यालयों में स्टॉक में अंतर पाया गया। प्रारंभिक जांच में 1 से 2 करोड़ रुपये की कर चोरी के दस्तावेज मिले हैं।
एसएनके ब्रांड पान मसाला के प्रतिष्ठानों में इस साल फरवरी में भी आयकर विभाग ने देशव्यापी छापेमारी की थी। तब 55 प्रतिष्ठानों में जांच पड़ताल के दौरान अरबों रुपये की कर चोरी पकड़ी गई थी। पांच साल पहले भी आयकर विभाग ने छापेमारी की थी, जिसमें 400 करोड़ रुपये की कर चोरी का खुलासा हुआ था। अक्टूबर 2024 में डीजीजीआई टीमों ने भी कार्रवाई की थी और 10 करोड़ रुपये की कर चोरी सामने आई थी।