नई दिल्ली। मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान अपने भाई अरबाज खान के लेटेस्ट व्लॉग में अस्पताल के कपड़ों में नजर आए। इस व्लॉग ने उनके फैंस और सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बीच उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
सोशल मीडिया से ब्रेक लेने के बाद अस्पताल में जाकिर
कुछ समय पहले जाकिर ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए काम और सोशल मीडिया से ब्रेक लेने की घोषणा की थी। अरबाज के ‘रमजान व्लॉग’ में, जाकिर को लीलावती अस्पताल के प्राइवेट कमरे में देखा गया। गुलाबी रंग का रोब पहने जाकिर अपने परिवार और दोस्तों के साथ पिछले हफ्ते भारत बनाम इंग्लैंड क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच का आनंद लेते दिखे। अरबाज ने उनसे पूछा कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं, तो जाकिर ने हल्के अंदाज में जवाब दिया, ‘मैच अभी फंसा हुआ है’।
फैंस की चिंता और प्यार
जाकिर को अस्पताल में देखकर फैंस ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। सोशल मीडिया पर कई लोग पूछ रहे थे कि ‘जाकिर भाई हॉस्पिटल में क्यों हैं?’ और ‘आप ठीक हैं? ईद से पहले जल्दी ठीक हो जाएं’ जैसी प्रतिक्रियाएं दीं। एक फैन ने अरबाज से गुजारिश की कि वह जाकिर की स्थिति के बारे में जानकारी दें, क्योंकि सभी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।
जाकिर ने पहले ही घोषणा की थी कि वह कॉमेडी से कुछ समय के लिए ब्रेक लेंगे। यह घोषणा उन्होंने हाल ही में हैदराबाद में अपने लाइव शो के दौरान की थी, जो उनके चल रहे ‘पापा यार’ टूर का हिस्सा था।