प्रयागराज। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें अखिलेश को देशद्रोही कहना सही नहीं होगा, लेकिन उनकी देशभक्ति पर सवाल उठाना वाजिब है। मौर्य ने बताया कि ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण देश और दुनिया में ऊर्जा संकट गहरा गया है। जहां पहले रोजाना 50-55 लाख गैस सिलिंडर बुक होते थे, अब यह संख्या बढ़कर 88 लाख तक पहुंच गई है।

केशव ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी माहौल बिगाड़ने और अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं, जिससे देश में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता इस तरह की गतिविधियों को नजरअंदाज नहीं करेगी और उन्हें सबक सिखाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि टीएमसी की सत्ता समाप्त होने वाली है और भाजपा सत्ता में आने के कगार पर है। इस माहौल ने टीएमसी को अस्थिर कर दिया है, इसलिए वे मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति के सहारे आक्रामक रुख अपना रहे हैं। मौर्य ने भरोसा जताया कि जनता इस रणनीति का जवाब मुंहतोड़ तरीके से देगी।

केशव प्रसाद मौर्य यह बयान रविवार को परेड ग्राउंड में आयोजित सरस मेले के दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में दे रहे थे।