कानपुर: भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव रविवार को अपनी पत्नी वंशिका सिंह के साथ कानपुर लौटे। जाजमऊ की डिफेंस कॉलोनी स्थित उनके आवास पर नवविवाहित जोड़े के स्वागत के लिए खास तैयारियां की गई थीं। घर को देशी और विदेशी फूलों से सजा कर एक भव्य स्वागत समारोह का माहौल तैयार किया गया।
सजावट में लिली, ऑर्किड, ट्यूलिप, हेलिकोनिया, डहलिया जैसे विदेशी फूलों के साथ गेंदा, इंग्लिश रोज, जिप्सो, गुलदाउदी, रजनीगंधा और स्टार जैसे सुगंधित फूलों का इस्तेमाल किया गया। गेट से लेकर घर के अंदर तक फूलों की रंगीन सजावट ने पूरे घर को महक और रौनक से भर दिया। खास बात यह है कि इस फूलों के चयन और सजावट का श्रेय कुलदीप के पिता राम सिंह यादव को जाता है।
सुबह से ही मोहल्ले के लोग नवदंपति की एक झलक पाने के लिए घर के बाहर जमा होने लगे और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बता दें कि कुलदीप और वंशिका की शादी 14 मार्च को मसूरी स्थित होटल आईटीसी शिवॉय में हुई थी। विवाह के तुरंत बाद दोनों ब्लैक बीएमडब्ल्यू कार में जाजमऊ स्थित अपने घर पहुंचे। घर में प्रवेश के साथ ही मुख्य गेट बंद कर दिया गया और परिवार के सदस्यों तथा करीबी रिश्तेदारों ने जोड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया।
शादी के बाद अब रिसेप्शन समारोह 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में शाही अंदाज में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बीसीसीआई, यूपीसीए और कानपुर-लखनऊ के कई प्रमुख अधिकारी शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। खास बात यह है कि इसी होटल में कुलदीप और वंशिका की सगाई 4 जून 2025 को भी हुई थी।