मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर आगरा का दौरा किया और आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 5142 करोड़ रुपये की ग्रेटर आगरा परियोजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम से पहले सीएम ने टाउनशिप के मॉडल का निरीक्षण किया और उनका मंच पर जोरदार स्वागत किया गया।
ग्रेटर आगरा परियोजना के तहत लगभग 449.65 हेक्टेयर क्षेत्र में 10 अत्याधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इन टाउनशिप का नाम देश की पवित्र नदियों के नाम पर रखा गया है। एडीए पहले चरण में नर्मदापुरम, गंगापुरम और महानदीपुरम टाउनशिप लॉन्च करेगा, जिनका यूपी रेरा में पंजीकरण भी कर दिया गया है।
इस ड्रीम प्रोजेक्ट में ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, एमआईजी और एचआईजी श्रेणियों के कुल 4353 आवासीय भूखंड होंगे। टाउनशिप के बीच से 45 मीटर चौड़ी सड़क जाएगी, जिसके किनारे व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग वाले 164 भूखंड रखे गए हैं। इनर रिंग रोड के पास स्थित होने के कारण ग्रेटर आगरा को यमुना और लखनऊ एक्सप्रेसवे से सीधी और आसान कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा, हाईटेंशन लाइन के नीचे का क्षेत्र ग्रीन एरिया के रूप में संरक्षित रखा जाएगा।
हालांकि भूमि की बुकिंग के लिए जनता को करीब एक महीने का इंतजार करना होगा। भूखंड की शुरुआती कीमत 33 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है। एडीए बोर्ड की आगामी बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। रायपुर और रहनकलां में आंतरिक विकास और मुख्य मार्गों का काम जारी है।