अयोध्या। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर संतों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास के गुरु के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी।
अयोध्या दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह केवल अपराध नहीं बल्कि गंभीर पाप है और जो भी इसमें शामिल पाया जाएगा, उसे कानून के अनुसार सजा मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि एसआईटी जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
‘धार्मिक संस्थानों के खिलाफ साजिश’ का आरोप
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि देश में संतों, मठों, मंदिरों और धार्मिक संस्थानों को लेकर सुनियोजित तरीके से नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिशें की जा रही हैं। उनके अनुसार, ऐसे प्रयासों का उद्देश्य लोगों की आस्था को कमजोर करना है।
उन्होंने कहा कि समाज को सतर्क रहने की जरूरत है और किसी भी प्रकार के भ्रम या अफवाहों से दूर रहना चाहिए। शास्त्री ने यह भी कहा कि सत्य जल्द सामने आएगा और दोषियों को केवल कानून ही नहीं, बल्कि अपने कर्मों के अनुसार आध्यात्मिक परिणाम भी भुगतने होंगे।
उन्होंने देश की न्याय व्यवस्था और जांच एजेंसियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।