मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे के बाद जाबरा टोल प्लाजा के पास खड़ी एक क्षतिग्रस्त कार से मांट पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने कार से 21 किलो 838 ग्राम गांजा जब्त किया है और मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार रात थाना मांट पुलिस को सूचना मिली थी कि टोल प्लाजा के पास एक दुर्घटनाग्रस्त कार संदिग्ध हालत में खड़ी है और उसमें अवैध सामान होने की आशंका है।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें एक थैले में रखा भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर यह 21 किलो 838 ग्राम पाया गया।
दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में दिल्ली निवासी दिनेश (पुत्र नरेश कुमार) और बिहार के सुपौल निवासी जयप्रकाश चौधरी (पुत्र नागेश्वर चौधरी) के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह जांच की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और मामले की गहराई से जांच जारी है।