महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के रुद्रपुर भलुही स्थित विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन के एक प्रशिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। शव कॉलेज परिसर की सबसे ऊपरी छत पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम कुस्महा टोला बिरौली निवासी 25 वर्षीय अजय यादव पुत्र केशव यादव के रूप में हुई है। वह महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन योजना के तहत प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
छात्राएं और दाई पास ही छत पर सो रहे थे
जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय परिसर में संचालित छात्रावास में 7-8 छात्राएं रहती हैं। गर्मी के चलते छात्राएं और हॉस्टल की दाई रात में छत पर ही सो रही थीं। इसी छत पर अजय यादव भी कुछ दूरी पर मौजूद थे।
छात्राओं ने पुलिस को बताया कि भोर करीब तीन बजे उन्हें तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वे घबराकर नीचे अपने कमरों में चली गईं। सुबह जब दाई कपड़े लेने छत पर पहुंची तो उसने अजय यादव का शव देखा, जिसके बाद तुरंत कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई। प्रशासन ने श्यामदेउरवां पुलिस को घटना से अवगत कराया।
पुलिस जांच में जुटी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस ने पूरे कॉलेज परिसर को जांच के दायरे में लेते हुए छात्राओं, स्टाफ और अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।