नई दिल्ली। पटेल नगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर इलाके में दहशत फैलाने और दबदबा बनाने की कोशिश कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिव्यांशु के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक चाकू भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपराध को बढ़ावा देने वाले मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक युवक द्वारा चाकू के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया।

तकनीकी जांच के बाद आरोपी की पहचान

थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे शादीपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू भी बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया मकसद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और इलाके में अपनी छवि मजबूत करने के लिए हथियार के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दिव्यांशु के खिलाफ मोती नगर और पटेल नगर थानों में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों और गतिविधियों की भी गहन जांच कर रही है।