फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सोमवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। कठफोरी के पास हुए इस हादसे में टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक में आग लग गई और दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कानपुर निवासी सिद्धार्थ (28) पुत्र अशोक कुमार और वैभव अवस्थी (26) पुत्र अवधेश कुमार सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक से कानपुर से आगरा की ओर जा रहे थे। वे ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के एक नए स्टोर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सिरसागंज क्षेत्र में पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक में आग भड़क उठी, जिससे दोनों युवक बच नहीं सके।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिन्हें मंगलवार दोपहर बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

फ्लिपकार्ट में टीम लीडर थे दोनों युवक

मृतकों के परिजनों ने बताया कि सिद्धार्थ फ्लिपकार्ट के लखनऊ हेडक्वार्टर में तैनात थे, जबकि वैभव कानपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। दोनों अविवाहित थे। वैभव दो भाइयों में सबसे छोटे थे और करीब दो साल से कंपनी में कार्यरत थे। हादसे में जली बाइक भी उन्हीं की थी।

वहीं, सिद्धार्थ अपने परिवार में इकलौते बेटे थे। उनसे छोटी एक बहन है। वे करीब एक साल से कंपनी में कार्यरत थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उनकी मां श्याम वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है।

अज्ञात वाहन की तलाश जारी

सिरसागंज थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारकर फरार वाहन का पता लगाया जा सके।