बाराबंकी। जिले के दरियाबाद कस्बा स्थित ओम इंडियन गैस एजेंसी में गैस न मिलने और कालाबाजारी के आरोप को लेकर एक उपभोक्ता ने बुधवार को डिलीवरी वाहन के सामने लेटकर आत्महत्या की धमकी दी।

दरियाबाद क्षेत्र के कुशफर गांव निवासी अशोक कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने 15 मार्च को गैस बुक की थी, लेकिन डिलीवरी समय पर नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वह रोज कतार में खड़े रहते हैं, पर उनके पास गैस नहीं आई, जबकि उनका डीएसी नंबर मौजूद है।

अशोक ने कहा कि स्थानीय कर्मचारियों द्वारा गैस को ब्लैक में बेचा जा रहा है और अधिक पैसा लिया जा रहा है। परेशान होकर उन्होंने डिलीवरी वाहन के सामने लेटकर जान देने की धमकी दी। घटना के दौरान लोगों ने उन्हें समझाया और शांत किया। इसके बाद अशोक ने मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।