हनुमान जयंती के पावन अवसर पर राम मंदिर के परकोटा स्थित हनुमान मंदिर में भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर के शिखर पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवा ध्वज फहराया गया, जिससे पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनय कटियार रहे, जिन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवा ध्वज को फहराया। इस दौरान उनके साथ बजरंग दल के पदाधिकारी, पूर्व संयोजक और संगठन के कई कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
इस धार्मिक आयोजन में 50 से अधिक बजरंग दल के कार्यकर्ता और लगभग 50 साधु-संतों ने भाग लिया। कुल मिलाकर लगभग 200 विशिष्ट अतिथि इस समारोह के साक्षी बने और भव्य आयोजन का हिस्सा बने।
राम मंदिर परिसर में स्थित अन्य उप-मंदिरों में भी इस समय ध्वजारोहण की श्रृंखला जारी है। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, हनुमान जयंती के इस विशेष कार्यक्रम के बाद जल्द ही शेष उप-मंदिरों में भी ध्वजारोहण का कार्य संपन्न किया जाएगा।
धार्मिक अनुष्ठानों, मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच सम्पन्न इस समारोह ने श्रद्धालुओं में खास उत्साह और उल्लास भर दिया।