लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को राज्य सरकार ने यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। राज्य योजना आयोग को 10 अक्टूबर को यूपी ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के रूप में गठित किया गया था। शासन ने शनिवार को उनके CEO बनने का आदेश जारी किया।

राज्य ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन को उत्तर प्रदेश राज्य नीति आयोग के रूप में भी जाना जाएगा। 1988 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार सिंह 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन उनके सेवा विस्तार की संभावनाओं को लेकर लंबे समय से चर्चा थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में शामिल मनोज कुमार सिंह का इस पद पर तीन साल का कार्यकाल होगा।

मनोज कुमार सिंह ने औद्योगिक उत्पादन आयुक्त के रूप में लखनऊ में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी जैसे आयोजन कर उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को ट्रिलियन डॉलर की दिशा में ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यकाल के दौरान राज्य की नौकरशाही में वे एक चर्चित और प्रभावशाली चेहरा बने।

यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के अध्यक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी इसमें सदस्य हैं। आयोग में सलाहकार का पद फिलहाल खाली है और अनुमान लगाया जा रहा है कि पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। केरल कैडर के आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष भरोसा है। उनकी पत्नी, सेवानिवृत आईएएस डिंपल वर्मा, रेरा में सदस्य हैं।