कानपुर: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी कुलदीप यादव 14 मार्च को मंसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। इससे पहले, विश्व कप से ठीक पहले दोनों की सगाई हुई थी। अब कुलदीप ने विश्व कप ट्रॉफी जीतने के बाद जीवन की नई पारी शुरू करने का फैसला किया है।

शादी के तीन दिन बाद यानी 17 मार्च को लखनऊ के सेंट्रम होटल में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी का आयोजन होगा। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य, फिल्म जगत के कलाकार और कई राजनेताओं के शामिल होने की संभावना है।

कुलदीप यादव के पिता राम सिंह यादव ने सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में जाकर शादी और रिसेप्शन का व्यक्तिगत निमंत्रण दिया। शादी की रस्में मंसूरी स्थित रिज़ॉर्ट में आयोजित की जाएंगी। परिवार और करीबी मित्रों के अनुसार, 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में संपन्न होंगी।

कुलदीप के कोच कपिल देव पांडेय ने बताया कि समारोह में भारतीय टीम के खिलाड़ी और अन्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं। शहर के कई उद्योगपति, कुलदीप के पारिवारिक मित्र और कोच भी समारोह में मौजूद रहेंगे।

बात करें दुल्हन की, तो वंशिका कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं और एलआईसी में कार्यरत हैं। बचपन से ही दोनों की दोस्ती रही है, जो समय के साथ प्यार में बदल गई। सगाई समारोह में कई क्रिकेटर, जैसे रिंकू सिंह, भी शामिल हुए थे।