लखनऊ में चकबंदी विभाग के कर्मचारियों के तबादलों को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। अब चकबंदी से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण 15 जुलाई के बाद ही किए जाएंगे।
चकबंदी आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के कई जिलों में प्रारंभिक चकबंदी योजना के पुष्टिकरण के बाद कब्जा परिवर्तन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में यदि इस अवधि में तबादले किए जाते हैं तो चल रहे कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि इस समय चकबंदी लेखपाल, सहायक चकबंदी अधिकारी, चकबंदी अधिकारी सहित अन्य कर्मचारियों की तैनाती बेहद महत्वपूर्ण चरण में है, इसलिए कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए स्थानांतरण को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
आयुक्त के अनुसार, विभाग का लक्ष्य 15 जुलाई तक चकबंदी कार्यों को पूरा करने का है। इसी को ध्यान में रखते हुए तबादलों पर रोक लगाने की आवश्यकता महसूस की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है। गौरतलब है कि सामान्य तबादला नीति के तहत 31 मई तक सभी विभागों में स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जानी होती है, लेकिन चकबंदी विभाग की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।