उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर कालका मेल से उतरकर पटरी के पास खड़े पांच यात्री अचानक तेज रफ्तार से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इस हादसे में सभी पांचों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कालका मेल में सफर कर रहे एक यात्री के गिरने की सूचना के बाद ट्रेन में चेन पुलिंग की गई, जिससे ट्रेन रुक गई। ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री नीचे उतरकर पटरी के किनारे खड़े हो गए। इसी दौरान दूसरी पटरी से गुजर रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस तेज गति से वहां से निकली और पटरी के पास खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी 19 वर्षीय आकाश की मौत हो गई। वह एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए कोलकाता जा रहा था। उसके साथ यात्रा कर रहे अजय पासी, जो कोलकाता के निवासी बताए जा रहे हैं, भी इस हादसे का शिकार हो गए। मृतकों में मिर्जापुर के रहने वाले सुनील की भी पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य लोगों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह माना जा रहा है कि ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों का पटरी पर उतरना ही इस हादसे की मुख्य वजह बना।