मेरठ: हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा में अपनी बात रखने की घोषणा करने वाले मेरठ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं को पुलिस ने शनिवार देर रात उनके घरों पर ही नजरबंद कर दिया।
रविवार सुबह नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील कचहरी परिसर स्थित बार कार्यालय पर जुटे। यहां अधिवक्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की और जनसभा स्थल की ओर कूच करने का ऐलान किया।
जब अधिवक्ता कचहरी गेट से बाहर निकलने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि वकील पीछे नहीं हटे और पैदल ही बेगम पुल की दिशा में बढ़ने लगे। पुलिस बल लगातार उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास करता रहा।
इस बीच, पश्चिम उत्तर प्रदेश हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति ने भी प्रधानमंत्री के मेरठ दौरे के दौरान मिलने का समय मांगा था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर जनसभा स्थल पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की घोषणा की थी। इसके बाद ही एहतियातन पुलिस ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और प्रमुख अधिवक्ताओं को उनके आवास पर सीमित कर दिया था।