अयोध्या। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को अयोध्या के राम मंदिर पहुंचीं और दूसरे फ्लोर पर बने राम दरबार में श्रीराम यंत्र की स्थापना कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान पुजारियों ने मंत्रोच्चारण किया और राष्ट्रपति ने पूजन सामग्री भगवान को अर्पित की। पूरे मंदिर प्रांगण में शुभ मंत्रों की ध्वनि गूंज उठी, जिसका दृश्य बेहद दिव्य और मनोहारी रहा।

राष्ट्रपति का यह दूसरा अयोध्या दौरा

रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह राष्ट्रपति का दूसरा अयोध्या दौरा है। इससे पहले वह 1 मई 2024 को अयोध्या आई थीं, जब उन्होंने हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन किया था।

सीएम योगी ने साझा किया वीडियो

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में राष्ट्रपति मुर्मू हाथ में एक पात्र लिए हुए दिख रही हैं, जिसमें दूब घास सहित अन्य पूजन सामग्री रखी है। मंदिर के पुजारी लगातार मंत्रोच्चारण कर रहे थे। राष्ट्रपति ने पूजन पात्र को अपने माथे से लगाया।

वीडियो में दिखाई दे रहा गोल्डन रंग का राम यंत्र बेहद दिव्य और अद्भुत दिखाई दे रहा था, जिसे देखकर वहां मौजूद सभी श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।