सहरसा। बुधवार को जिला परिषद स्थित पूजा रिसोर्ट में महागठबंधन कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सहरसा के विधायक ई. इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता का भव्य अभिनंदन किया। इस अवसर का आयोजन उनके 18वीं विधानसभा के प्रथम सत्र में जनहित के मुद्दों को सबसे अधिक उठाने के कारण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राजद जिलाध्यक्ष मु. ताहिर की अध्यक्षता में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह की शोभा बढ़ाई।
विधायक ने कहा – सहरसा को बनाऊंगा बिहार का गेटवे
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि सहरसा को बिहार का गेटवे बनाने का संकल्प अब शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा, “सदन में मैंने पूरे बिहार में सबसे ज्यादा जनहित के मुद्दे उठाए हैं। आप सभी का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ है।”
विधायक ने कहा कि भ्रष्टाचार को रोकना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना और प्रखंड कार्यालयों में कोई भी अधिकारी रिश्वत नहीं ले पाएगा।
भाजपा के अफसरों को चेतावनी
इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने कहा, “भाजपा की सरकार आने के डर से जो अधिकारी पिछले 20 सालों से भ्रष्टाचार कर रहे थे, वे अब दिल्ली भागने की तैयारी में हैं। मैं हर संभव प्रयास करूंगा कि जनता का पैसा उनके हाथों में न जाए।”
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी काम किया
उन्होंने बताया कि सदन में रहते हुए उन्होंने 1500 से अधिक मरीजों को पटना और दिल्ली में बेड दिलवाए हैं।
विधायक ने कराए प्रतिनिधियों का परिचय
अभिनंदन समारोह में विधायक ने सभी प्रतिनिधियों का परिचय कराया और कहा कि जनता की किसी भी समस्या के लिए लोग इनसे मिलकर या फोन के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में सीपीआई के राष्ट्रीय परिषद सदस्य ओमप्रकाश नारायण, राजद प्रदेश महासचिव धीरेन्द्र यादव, धनिकलाल मुखिया, आईआईपी जिला अध्यक्ष विद्या शर्मा, माकपा नेता रंधीर यादव, भाकपा माले नेता कुंदन यादव, कांग्रेस के आशीष कुमार, राजद जिला युवा अध्यक्ष भरत यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।