मेरठ (इंचौली): मेरठ जिले के लावड़ कस्बे में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। 28 वर्षीय स्थानीय बॉडी बिल्डर सलमान को अपने फिट और सुडौल शरीर पर गर्व था, लेकिन वही उसका काट्टर बन गया। भाई इमरान से फोन पर हुई बहस के बाद गुस्से में आकर सलमान ने अपनी जांघ पर चाकू से कई वार कर लिए।

गंभीर रक्तस्राव के कारण नहीं बच सकी जान

एएसपी बजरंग प्रसाद ने बताया कि जांघ में लगी चोट के कारण मुख्य नस कट गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। परिजनों ने उन्हें तुरंत मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि यदि सलमान के शरीर में थोड़ी चर्बी होती तो उनकी जान बच सकती थी।

क्षेत्र के उभरते फिटनेस स्टार

सलमान लावड़ कस्बे में पोल्ट्री फार्म भी चलाते थे और क्षेत्र के जाने-माने बॉडी बिल्डर थे। उन्होंने कई जिलों में आयोजित बॉक्सिंग और फिटनेस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई पदक जीते। फिटनेस के प्रति समर्पित सलमान अपने छह भाइयों में पांचवें नंबर पर थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सलमान की शादी चार साल पहले मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी आयशा से हुई थी। उनके परिवार में एक साल की बेटी और 25 दिन का बेटा है। मौत की खबर मिलते ही पत्नी और मां सुल्ताना बेसुध हो गईं। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं।

पोस्टमार्टम से परिजनों का इनकार

घटना की सूचना पर इंचौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।