मुगलसराय। डांडी के पास गुरुवार को बाइक से लौट रहे एक छात्र करन यादव (19) सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में पीडीडीयू नगर राजकीय महिला चिकित्सालय में मौत हो गई। करन यादव कैथापुर का रहने वाला था और पड़ाव स्थित एक संस्थान से डिप्लोमा कर रहा था।

हादसे के समय स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने लगभग 20 मिनट तक ऑटो रुकवाने में समय गंवाया, जबकि उनके वाहन में घायल को अस्पताल ले जाने की सुविधा उपलब्ध थी। बाद में एक स्थानीय युवक आशीष चौहान ने करन को ई-रिक्शा से छह किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने के बाद भी छात्र को कुछ देर तक स्ट्रेचर नहीं मिला और वह जमीन पर पड़ा रहा। काफी मशक्कत के बाद स्ट्रेचर उपलब्ध हुआ और उपचार शुरू किया गया, लेकिन सिर पर गंभीर चोट के कारण छात्र की जान नहीं बच सकी।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय कोतवाली गगनराज सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके चतुर्वेदी ने कहा कि 04 बजकर 08 मिनट पर छात्र अस्पताल आया और 04 बजकर 12 मिनट पर उपचार शुरू हुआ।

घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। लोग पुलिस और अस्पताल प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं कि यदि पीआरवी से तुरंत अस्पताल ले जाया जाता तो छात्र की जान बच सकती थी।