उत्तर प्रदेश में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र देने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ ने आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी टेलीग्राम चैनल के माध्यम से अभ्यर्थियों को फर्जी प्रश्नपत्र भेजता और उनसे ऑनलाइन भुगतान वसूलता था।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर सोशल मीडिया पर निगरानी जारी थी। इसी दौरान एसटीएफ ने पता लगाया कि “यूपी एसआई यूपी पुलिस-2026”, “रिजल्ट पैनल प्राइवेट” और “यूपी एसआई परीक्षा प्रश्नपत्र-2026” जैसे नामों के चैनल पर उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का फर्जी प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के संदेश प्रसारित किए जा रहे थे।

थाना हुसैनगंज में आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में एसटीएफ को सूचना मिली कि गिरोह का एक सदस्य आगरा में मौजूद है। इसके बाद टीम ने न्यू आगरा थाना क्षेत्र की इंजीनियर्स कॉलोनी से आरोपी आयुष बघेल को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रश्नपत्र के पहले पेज को एडिट कर असली दिखाता था। इससे अभ्यर्थियों को भरोसा हो जाता और इसके बाद क्यूआर कोड और भुगतान पहचान संख्या के जरिए पैसा वसूलता था। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।