उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को संगम नगरी आगमन पर विपक्ष के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। पुलिस लाइन हेलीपैड और सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं के जोरदार स्वागत के बीच पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर “घटिया राजनीति” करने का आरोप लगाया।

गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर फैली अफवाहों पर पलटवार करते हुए मौर्य ने तंज भरे लहजे में कहा, “‘अफवाह गांधी’ और ‘अफवाह यादव’ केवल जनता में भ्रम और डर फैलाने के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं। वैश्विक संकट की इस घड़ी में उन्हें देश के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन वे केवल अपनी राजनीति चमका रहे हैं। आने वाले समय में हम ऐसे अफवाह फैलाने वालों का जवाब देंगे।”

आंकड़ों के साथ किया जवाब
गैस की किल्लत के दावों को खारिज करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जहां प्रतिदिन 55 लाख सिलिंडर बुक होते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 75 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और सरकार हर नागरिक तक सिलिंडर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मोदी की विदेश नीति की तारीफ
ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच जारी तनाव और खाड़ी देशों के युद्ध संकट पर मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद पीएम मोदी की सशक्त विदेश नीति के कारण ईरान से भारत में क्रूड ऑयल और गैस सफलतापूर्वक आ रही है। उनके अनुसार, संकट के समय में भी भारत का झंडा बुलंद है।

2027 में फिर प्रचंड बहुमत की सरकार का दावा
आगामी चुनावों को लेकर मौर्य ने कहा कि देश में कोई संकट नहीं है और भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में विपक्ष को हराकर फिर से प्रचंड बहुमत हासिल किया जाएगा। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आगामी जिला पंचायत चुनावों की रणनीति पर भी पार्टी काम कर रही है।

उपमुख्यमंत्री के आगमन पर पुलिस लाइन में महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी, निर्मला पासवान, राजेश शुक्ला, राजेंद्र मिश्रा, मृत्युंजय तिवारी, वरुण केसरवानी, आशीष गुप्ता और सुबोध सिंह समेत कई जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद थे।