मुजफ्फरनगर में रविवार को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मातेश्वरी देवी अहिल्याबाई होल्कर समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जिले भर के विभिन्न क्षेत्रों और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

हवन-पूजन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत अहिल्याबाई चौक पर हवन-पूजन और प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, पूर्व सांसद कादिर राणा, नगरपालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, दीप्ति पाल, सुप्रिया पाल और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सतपाल पाल सहित कई गणमान्य लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

दोपहर लगभग तीन बजे शोभायात्रा की शुरुआत हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, वाहनों और पैदल शामिल हुए। बैंड-बाजों और डीजे की धुनों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

यात्रा के दौरान निकाली गई आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी यात्रा

शोभायात्रा कच्ची सड़क क्षेत्र से शुरू होकर अंसारी रोड, शिव चौक, पाल धर्मशाला और आनंदपुरी जैसे शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने यात्रा का स्वागत किया।

रात करीब नौ बजे शोभायात्रा का समापन मां भगवती मंदिर परिसर में किया गया।

सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

आयोजन में समिति की अहम भूमिका

इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष डॉ. देशबंधु तोमर, संयोजक राजबीर सिंह, दर्शन धनगर, रोहताश पाल, पवन पाल, उमेश पाल, कुलबीर पाल, बबलू धनगर, संदीप धनगर और नाथी राम सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।