उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिजनौर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए 1645 परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 50 पूर्व सैनिकों और लीजधारकों को भी भूमि संबंधी दस्तावेज सौंपे जाएंगे।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर आलमपुर गांवड़ी, अफजलगढ़ और धामपुर क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न योजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।

योजनाओं के लाभार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत चयनित लाभार्थियों को आवंटन पत्र और वित्तीय सहायता के चेक वितरित करेंगे। इसके साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘विदुर प्रेरणा कैफे’ का भी उद्घाटन किया जाएगा।

पहले भी हुए हैं बड़े स्तर पर भूमि अधिकार वितरण

गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल में मुख्यमंत्री ने लखीमपुर खीरी में बांग्लादेश से विस्थापित 331 परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र सौंपे थे। उसी कार्यक्रम में नदियों के कटाव से प्रभावित 2350 परिवारों और थारू जनजाति के 4356 परिवारों को भी भूमि अधिकार दिए गए थे।

इसी तरह मार्च में बहराइच के सेमरहना गांव में आयोजित कार्यक्रम में भरथापुर गांव के 118 लाभार्थियों को पुनर्वास सहायता के तहत प्रति परिवार 15 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई थी। साथ ही 136 परिवारों को आवास, शौचालय और भूमि पट्टों का वितरण भी किया गया था, जिसकी कुल राशि 21.55 करोड़ रुपये से अधिक रही।