वीकेंड और अधिक मास की पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अचानक बढ़े दबाव के कारण शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर हाईवे तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे पूरे दिन यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

सुबह से ही बढ़ने लगी भीड़

रविवार सुबह से ही दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचने लगे। दोपहर तक हरकी पैड़ी, अपर रोड, चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार और हाईवे के विभिन्न हिस्सों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

भीड़ के कारण न केवल श्रद्धालु बल्कि स्थानीय लोग भी जाम में फंसे रहे। शहर की प्रमुख पार्किंग—पंतद्वीप, दीनदयाल उपाध्याय और खड़खड़ी पार्किंग—पूरी तरह भर गईं।

मंदिरों और घाटों पर भी दबाव

अधिक भीड़ के चलते मां मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भी दबाव बढ़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कुछ समय के लिए पैदल मार्ग बंद कर श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से आगे भेजना पड़ा।

पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था

एसपी यातायात निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, सीओ यातायात बिपेंद्र कुमार और अन्य पुलिसकर्मी लगातार मौके पर मौजूद रहकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालते रहे।एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि वीकेंड और पूर्णिमा स्नान के कारण वाहनों की संख्या अचानक बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न हुई।

एसएसपी ने लिया मोर्चा, मौके पर पहुंचे

स्थिति बिगड़ने पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर खुद मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने हरकी पैड़ी, हाईवे और अन्य घाट क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि क्रेन को पूरी तरह तैयार रखा जाए और किसी भी वाहन के खराब होने पर तुरंत हटाकर मार्ग को सुचारु किया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो।