मुजफ्फरनगर में नई मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस और मोबाइल लूट गिरोह के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घायल आरोपियों की पहचान गुड्डू और अमर के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपियों के नाम अभिषेक और सागर बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम दोनों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

खतौली क्षेत्राधिकारी रूपाली राय चौधरी के मुताबिक, यह वही गिरोह है जिसने एक दिन पहले छाता फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर से मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस सक्रिय थी और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।


पुलिस को मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से दो तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की तलाश के लिए कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।