मोरना (मुजफ्फरनगर)। ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न गांवों से 22 संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेई ने बताया कि त्योहार को देखते हुए पुलिस की खुफिया इकाई लगातार सक्रिय थी। इसी दौरान मिले इनपुट के आधार पर ऐसे लोगों की पहचान की गई, जो पूर्व में गो-तस्करी और गौकशी जैसे मामलों में संलिप्त रहे हैं। आशंका थी कि ये लोग त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं।


आधी रात को कई गांवों में छापेमारी

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर भोपा थाना पुलिस की टीमों ने देर रात मोरना, यूसुफपुर, भोपा, गादला, सीकरी, नंगला बुजुर्ग, रूड़कली, तिस्सा और किशनपुर समेत कई गांवों में एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने सभी चिन्हित व्यक्तियों को उनके ठिकानों से हिरासत में ले लिया।

22 लोगों को लिया गया हिरासत में

पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए सभी लोग विभिन्न गांवों के निवासी हैं और उन पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें मोरना से जाहिद, आदिल और शमीम; यूसुफपुर से गय्यूर, नईम और यूसुफ; भोपा से सरफराज; गादला से जितेंद्र; सीकरी से जावेद उर्फ कुल्हाड़ी सहित कई अन्य नाम शामिल हैं। नंगला बुजुर्ग, रूड़कली, तिस्सा और किशनपुर से भी कई संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया है।

पुलिस की सख्ती जारी रहेगी

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रह सकती है।