मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार के “स्कूल चलो अभियान” को गति देने के लिए राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने खुद मैदान संभाल लिया। बुधवार को वे शिक्षा विभाग की टीम के साथ रुड़की रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचे और अभिभावकों व बच्चों से सीधे संवाद कर उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया।
दरअसल, कुछ दिन पहले भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंत्री ने इसी क्षेत्र का दौरा किया था, जहां बातचीत के दौरान यह सामने आया था कि कई बच्चे नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल करीब डेढ़ किलोमीटर दूर होने के कारण छोटे बच्चों को आने-जाने में कठिनाई होती है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल दोबारा मौके पर पहुंचे और इस बार उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और किसी भी परिस्थिति में इससे वंचित नहीं रखा जा सकता। मंत्री ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास और बदलाव की सबसे मजबूत नींव है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। साथ ही आश्वासन दिया कि जल्द ही ऐसी व्यवस्था की जाएगी जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो। सरकार की ओर से बच्चों को बैग, ड्रेस, किताबें और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान शिक्षा विभाग की टीम ने भी लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस पहल से झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवारों में बच्चों की शिक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी है।