मुजफ्फरनगर में गर्मी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब दोपहर में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।
दिन के समय चिलचिलाती धूप और लू के कारण सड़कें लगभग खाली नजर आईं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग खुद को धूप से बचाने के लिए रूमाल, मास्क, टोपी और छतरियों का सहारा लेते दिखे। गर्म हवाओं के चलते कुछ ही मिनटों में बाहर खड़ा रहना मुश्किल हो गया है।
इस बढ़ती गर्मी का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और महिलाओं पर पड़ रहा है। स्कूल से लौटते समय बच्चे तेज धूप में परेशान दिखाई दिए, वहीं घरेलू कामकाज के दौरान महिलाओं को भी गर्मी और उमस से जूझना पड़ रहा है।

इधर, तापमान बढ़ने के साथ ही बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ गई है। आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, जूस और शिकंजी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे बिक्री में भी तेजी आ रही है।
मौसम में आए इस बदलाव ने जनजीवन को प्रभावित किया है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।