मुजफ्फरनगर। जिले में एक संविदा महिला परिचालक के साथ उत्पीड़न और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसे लंबे समय से परेशान कर रहा है और अब जान से मारने तक की धमकी दे रहा है। मामला एसएसपी संजय कुमार वर्मा के संज्ञान में आने के बाद सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।

ड्यूटी के दौरान भी करता था पीछा

घटना थाना तितावी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पीड़िता रोडवेज बस में संविदा परिचालक के रूप में कार्यरत है। युवती का कहना है कि जब से वह ड्यूटी पर आने-जाने लगी है, तभी से आरोपी युवक उसका लगातार पीछा कर रहा है।


आरोप है कि युवक न केवल रास्ते में परेशान करता था, बल्कि ड्यूटी के दौरान भी इशारे कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिवार द्वारा समझाने के बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं।

अश्लील हरकत और धमकी का आरोप

पीड़िता ने बताया कि करीब दस दिन पहले जब वह ड्यूटी पर थी, उस दौरान एसडी पब्लिक स्कूल के पास आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत की। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया और धमकी देकर गया।

“झूठे केस में फंसाने” की धमकी

महिला का आरोप है कि आरोपी युवक उसे लगातार धमका रहा है कि वह उसका अपहरण कर सकता है, हत्या कर सकता है और बाद में आत्महत्या कर पूरे परिवार को झूठे मामले में फंसा सकता है।

पहले नहीं हुई थी कार्रवाई, फिर SSP से लगाई गुहार

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि शुरुआत में स्थानीय थाने में शिकायत देने के बावजूद कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने एसएसपी संजय कुमार वर्मा से शिकायत की, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए और मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में जुटी

इस मामले पर एएसपी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।