मुजफ्फरनगर। न्यू एसडी कॉलेज मार्केट निशुल्क योग साधना केंद्र पर शनिवार को भारतीय योग संस्थान मुजफ्फरनगर इकाई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं केंद्र प्रमुखों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न पदाधिकारियों, योग साधकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ओम ध्वनि एवं गायत्री मंत्र के भावार्थ के साथ किया गया। इसके बाद योग साधकों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। समारोह का संचालन लगातार तीसरी बार जिला प्रधान चुने गए सुभाष चंद्र गुप्ता ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला संरक्षक प्रो. आर.के. गर्ग ने की।


इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ज्ञानचंद अरोड़ा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों, केंद्र प्रमुखों और उपकेंद्र प्रमुखों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।

समारोह के दौरान जिला प्रधान सुभाष चंद्र गुप्ता, जिला संरक्षक प्रो. आर.के. गर्ग, जिला मंत्री प्रेम सिंह राणा, जिला संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह राणा, क्षेत्रीय प्रधान जियालाल त्यागी, विनय कुमार वर्मा, संजीव गोयल, क्षेत्रीय मंत्री राकेश शर्मा, सरदार सुरेंद्र सिंह मुंजाल, रविदत्त धीमान सहित केंद्र प्रमुख धर्मवीर सिंह पाल, महेश बालियान, सतपाल, सुरेंद्र सिंह, ममता त्यागी, सुधीर शर्मा और उपकेंद्र प्रमुख रेनू तायल का योग साधकों ने पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।


नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में सुमन मित्तल ने एक सुंदर गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान सभी पदाधिकारियों और केंद्र प्रमुखों ने समाज सेवा एवं योग प्रचार-प्रसार के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

वक्ताओं ने बताया कि भारतीय योग संस्थान की स्थापना 10 अप्रैल 1967 को स्वर्गीय प्रकाश लाल द्वारा रोहिणी, दिल्ली में की गई थी। वर्तमान में संस्थान के लगभग 4500 से अधिक निशुल्क योग साधना केंद्र देश-विदेश में संचालित हो रहे हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मित्र सेन, रतन पाल, डॉ. प्रमोद कुमार, नरेंद्र सिंह एडवोकेट, अगम प्रकाश, राकेश खुराना, रेखा शर्मा, विनीत मित्तल, प्रमिला राय, शतरूपा त्यागी, हरजीत कौर और शशि जैन सहित अन्य योग साधकों का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ, जिसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।