मुजफ्फरनगर में एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
जानसठ क्षेत्र की रहने वाली युवती का कहना है कि आरोपी युवक ने पहले उसे प्रेम संबंध में फंसाया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी से मुकरते हुए कथित रूप से लगातार शोषण जारी रखा।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन करने और अपनी धार्मिक मान्यताओं को अपनाने का दबाव भी बनाता रहा। इसी बीच उसने कुछ निजी और आपत्तिजनक वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा।
युवती ने शिकायत में बताया कि हाल ही में आरोपी ने एक बार फिर वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती की कोशिश की। इससे परेशान होकर उसने पुलिस से संपर्क किया।

पीड़िता का यह भी कहना है कि उसने पहले भी स्थानीय स्तर पर शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने पूरे मामले की जानकारी SSP को देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
उसने आशंका जताई है कि आरोपी कभी भी वीडियो को सार्वजनिक कर सकता है, जिससे उसकी और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।