मुजफ्फरनगर। पुलिस परिवार ने शुक्रवार देर रात एक भावुक माहौल में तीन क्षेत्राधिकारियों को विदाई दी। यह कार्यक्रम उन अधिकारियों के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिन्होंने जनपद में अपने कार्यकाल के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर का स्थानांतरण सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के पद पर किया गया है। वहीं क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत बाजपेई को पुलिस उपाधीक्षक शाहजहांपुर और क्षेत्राधिकारी फुगाना यतेन्द्र सिंह नागर को सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने तीनों अधिकारियों को पुष्पमालाएं पहनाकर, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई में सराहनीय योगदान दिया है।
एसएसपी ने तीनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपनी नई तैनाती में भी इसी निष्ठा और कार्यकुशलता के साथ विभाग का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विदा हो रहे अधिकारियों के साथ बिताए समय को याद किया।
इस मौके पर एसएसपी की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे। सभी ने तीनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।