मुजफ्फरनगर में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहनों पर सवार बदमाशों से मुठभेड़ की। शहर कोतवाली, नई मंडी और बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में हुई इन कार्रवाइयों में तीन शातिर बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें एक पंजाब से भगोड़ा घोषित हिस्ट्रीशीटर और दो 20-20 हजार रुपये के इनामी अपराधी शामिल हैं।

नई मंडी क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि नई मंडी कोतवाली पुलिस ने कूकड़ा मैदान के पास चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मेघाखेड़ी गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर सलमान घायल हो गया, जबकि उसका साथी खुशनसीब उर्फ खुशना मौके से फरार हो गया।


पुलिस के अनुसार सलमान पर पंजाब के पटियाला में पशु चोरी का मामला दर्ज है और वह वर्ष 2021 से अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इसी कारण उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। आरोपी से तमंचा और बिना नंबर की स्कूटी बरामद हुई है।

डकैती कांड का आरोपी दबोचा

शहर कोतवाली पुलिस ने दधेडू रजवाहा पटरी मार्ग पर मुठभेड़ के बाद सहारनपुर निवासी शिवम उर्फ मोटा को घायल हालत में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक वह चार अप्रैल को पीनना गांव में किसान रवि के घर हुई लाखों रुपये की डकैती में शामिल था।

इस मामले में पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर चुकी है। शिवम पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी के कब्जे से करीब 400 ग्राम चांदी के आभूषण, तमंचा और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। उसके एक साथी की तलाश जारी है।

इनामी बदमाश शाहरुख पठान भी गिरफ्तार

बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने गायत्री वाटिका के पास नहर पटरी पर मुठभेड़ के दौरान चंधेड़ी रोड निवासी शाहरुख पठान को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। शाहरुख पर भी 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार वह अवैध हथियार सप्लाई करने के साथ कई डकैती की घटनाओं में शामिल रहा है। कुछ दिन पहले पुलिस ने उसके गिरोह के चार सदस्यों को हथियारों समेत पकड़ा था, जबकि वह फरार हो गया था।

कई मामलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाहरुख पठान के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह जेल से छूटने के बाद हरियाणा से अवैध हथियार लाकर सप्लाई करने लगा था।

तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में दबिश जारी है।