मुजफ्फरनगर से समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने गुरुवार को संसद में नशे के बढ़ते खतरे का मुद्दा उठाते हुए कड़े कदमों की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत के कई राज्यों में ड्रग माफिया का असर तेजी से बढ़ रहा है, जो अब शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच चुका है और युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है।
सांसद ने अपने वक्तव्य में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में नशे का जाल लगातार फैल रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि स्कूलों और कॉलेजों तक ड्रग्स की सप्लाई होना बेहद गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों से इस पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की।
मलिक ने देहरादून में मुजफ्फरनगर के एक बीटेक छात्र की मौत का मामला भी संसद में उठाया। उन्होंने बताया कि भोपा क्षेत्र के गांव अथाई निवासी दिव्यांशु जटराणा की कथित रूप से ड्रग से जुड़े लोगों द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई। इस घटना को उन्होंने बेहद दुखद बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों से समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ड्रग नेटवर्क पर समय रहते सख्ती नहीं होने के कारण हालात बिगड़ रहे हैं। सांसद ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पूरे नेटवर्क को खत्म करने की मांग की, ताकि युवाओं को इस खतरे से बचाया जा सके।