मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित नवीन मंडी में बुधवार देर रात अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। आग एक बारदाने की दुकान और उससे जुड़े गोदाम में लगी, जिसकी लपटें देखते ही देखते काफी दूर तक दिखाई देने लगीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, पुरकाजी निवासी कार्तिक कुमार की नवीन मंडी में बारदाने की दुकान और गोदाम है। रोजाना की तरह वह बुधवार रात दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने हालात को देखते हुए तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आग इतनी भयंकर थी कि दमकल कर्मियों को गोदाम के अंदर पहुंचने के लिए दीवार तोड़नी पड़ी।

आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को लगाया गया। इसके अलावा पानी की कमी को देखते हुए दो पेपर मिलों से भी पानी के टैंकर मंगवाए गए। कई घंटों तक लगातार आग बुझाने का अभियान चलता रहा।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।